केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को निचलौल के राजा रतनसेन इंटर कॉलेज में जन सभा की। यहां उन्होंने कहा कि भाजपा देश हित के लिए राजनीति करती है। लेकिन कांग्रेस अपने हित के लिए देश से ही राजनीति कर रही है। आज कांग्रेस व सपा-बसपा ऐसे लोगों के साथ खड़े हैं जो देश के टुकड़े करना चाहते हैं। लेकिन भाजपा इनकी मंसा को कभी सफल नहीं होने देगी।
राजनाथ सिंह यहां भाजपा प्रत्याशी पंकज चौधरी के पक्ष में सभा कर रहे थे। उन्होंने सवाल पूछा कि आखिर क्या नहीं किया हमारी सरकार ने? गरीबों को सम्मान दिया, आवास दिया, भोजन बनाने के लिए रसोई गैस कनेक्शन दिया। बिजली से घर रोशन किया। पूरी दुनिया में साल भर में ही देश के प्रति धारणा भी बदल दी। कल तक देश कांग्रेस के समय में दूसरों से कर्ज लेता था आज वही विश्व के दूसरे देशों को कर्ज दे रहा है। हम दुनिया में सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था में से एक हैं। आज का भारत नया भारत है। शक्तिसंपन्न भारत है। इसे कांग्रेस सहन नहीं कर पा रही। वह देश का लाचार बनाकर सत्ता सुख भोगना चाहती है।
विश्व के टॉप थ्री देशों में शामिल होगा भारत
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज रूस, अमेरिका और चीन शीर्ष तीन देश वैश्विक पहचान रखते हैं। लेकिन 2020 तक भारत इन्हें पीछे छोड़ टॉप थ्री में शामिल हो जाएगा। हमारी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था इसकी प्रमाण है। हम हर मामले में आगे बढ़ रहे हैं। यह रफ्तार भाजपा की सरकार बनने के बाद और भी तेज होगी।
कांग्रेस ने कुछ काम किया, लेकिन मोदी ने बहुत विशेष किया
निचलौल में आयोजित जन सभा को साधते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि हम यह नहीं कह रहे कि कांग्रेस, बसपा व सपा ने काम नहीं किया। सबने काम किया। लेकिन इनमें हमारे प्रधानमंत्री मोदी ने बहुत विशेष काम किया। पहले रोजाना पांच से छह किलोमीटर हाईवे का निर्माण होता था। लेकिन आज मोदीजी के नेतृत्व में देश में रोजाना 30 से 35 किमी हाईवे का निर्माण हो रहा है। यह है भाजपा के काम करने का तरीका। कम समय में गुणवत्तापूर्ण कार्य। इस काम को कभी कांग्रेस, सपा व बसपा छू भी नहीं सकते।
प्रधानमंत्री आवास में भाजपा ने रिकॉर्ड बनाया
राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदीजी ने प्रधानमंत्री आवास योजना में रिकॉर्ड कायम किया। कांग्रेस के समय में 2008 से 14 तक पूरे देश में मात्र 25 लाख आवास बने। लेकिन 2014 से 18 तक भाजपा सरकार में प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में हमने एक 1.30 करोड़ आवास बनवाकर जनता को सौंप दिया।
उज्जवला योजना से बदली गरीब की रसोई
केंद्र सरकार की योजनाओं को भी राजनाथ सिंह ने सामने रखा। उन्होंने कहा कि चार साल में 13 करोड़ गैस कनेक्शन उज्जवला योजना से दिए गए। वहीं कांग्रेस के दस वर्ष के कार्यकाल में मात्र 12 हजार ही रसोई गैस कनेक्शन गरीबों को दिए गए।
प्रधानमंत्री जन धन योजना से हर गरीब का हुआ अपना खाता
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाएं गिनाने लगें तो दिन छोटा पड़ जाएगा। लेकिन योजनाओं की फेहरिस्त समाप्त नहीं होगी। भाजपा ने जिस तरह से जन धन योजना से बैंक खातों से वंचित 45 प्रतिशत लोगों के खाते खुलवाए वह प्रयास आज तक किसी ने नहीं किया। लेकिन भाजपा ने करके दिखा दिया।
भाजपा धूल नहीं झोंकती, वादा पूरी करती है
पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे आदर्श हमें नित विकास के पथ पर बढ़ने लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने पहली बार देश को चौड़ी सड़कों का तोहफा दिया। स्वर्णिम चतुर्भुज योजना उन्हीं की देन है। आज जो हाईवे का निर्माण हो रहा है वह सब अटल जी की ही देन है। लेकिन कांग्रेस व सपा-बसपा ने विकास से इतर जातिवाद की राजनीति शुरू कर दी। भाजपा धूल नहीं झोंकती, वादा पूरा कर मतदाताओं से सम्मानपूर्वक नजर मिलाती है।
एक भी परिवार नहीं रहेगा गरीब
राजनाथ सिंह ने कहा कि देश में एक भी परिवार 2022 तक गरीब नहीं रहेगा। हम अपनी योजनाओं से उन्हें मुख्य धारा से जोड़ेंगे। विकास में सहभागी बनाएंगे। समाज में बढ़ते अंतर की खाई को पाट कर नए भारत का निर्माण करेंगे।
55 वर्षों तक गरीबों का उत्पीड़न करने वाली कांग्रेस अब न्याय करेगी
कांग्रेस की न्याय योजना पर राजनाथ सिंह ने अपनी बात रखी। उन्होंने पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि 55 वर्षों तक गरीबों का उत्पीड़न करने वाली कांग्रेस को अब गरीबों की याद आई है। गरीबों से सब लूटने वाले अब उनसे न्याय का वादा कर रहे हैं। लेकिन जनता सब जानती है